सीतापुर(उत्तर प्रदेश): शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जिला महिला व पुरुष अस्पताल जाने वाले मुख्य मार्ग पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर गरजा। हल्की बूंदाबांदी के बीच एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन कुमार के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम ने अभियान चलाकर सड़क की दोनों पटरियों से अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया।
अस्पताल जाने वाले इस व्यस्त सिंगल मार्ग पर दुकानदारों द्वारा काउंटर, होर्डिंग्स और पटरियां फैला लेने से रास्ता संकरा हो गया था। इसके चलते आए दिन लगने वाले भीषण जाम से मरीजों, तीमारदारों और एंबुलेंस को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
एसडीएम सदर तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मरीजों व एंबुलेंस के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए यह त्वरित कार्रवाई की गई है। दुकानदारों को दोबारा सड़क पर कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुन: अतिक्रमण करने पर संबंधित कब्जेदारों के खिलाफ भारी जुर्माना और विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


0 टिप्पणियाँ